लाखों लोगों की कुर्बानी के बाद मिले लोकतंत्र को लुटेरे-भ्रष्टाचारियों के हाथों नष्ट नहीं होने देंगे: आलोक अग्रवाल

भोपाल, 18 जून आम आदमी पार्टी ने सोमवार को दिल्ली में चल रहे आप के धरने के समर्थन और लोकतंत्र की हत्या के विरोध में पूरे प्रदेश में विधानसभा एवं जिला स्तर पर प्रदर्शन किया। इस पर टिप्पणी करते हुए आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार दिल्ली की चुनी हुई सरकार के काम में एलजी और आईएएस अफसरों के जरिये अडंगा डाल रही है। यह सीधे-सीधे लोकतंत्र की हत्या का प्रयास है, लेकिन आम आदमी पार्टी लाखों लोगों की कुर्बानी से मिले लोकतंत्र को लुटेरों और भ्रष्टाचारियों के हाथों नष्ट नहीं होने देगी। हम प्रदेश और देश भर में तीखा आंदोलन करेंगे और लोकतंत्र के हत्यारों को बेनकाब करेंगे।

उन्होंने एक ट्वीट कर कहा कि आज वही सत्येंद्र जैन जिन्होंने पुल और फ्लाईओवर निर्माण में 800 करोड़ रुपए बचाए, जिनकी मोहल्ला क्लीनिक से लाखों लोगों को उपचार मिला है। आज दिल्ली के हर नागरिक को दवा, जांच, आपरेशन सब कुछ मुफ्त मिल रहा है। आज वही सत्येंद्र जैन अनशन के बाद गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि 18 जून को प्रदेश भर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बड़े प्रदर्शन किए हैं।

खबर लिखे जाने तक जो सूचना मिली है, उसके मुताबिक, सागर में केंद्र सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या के प्रयास के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने तिली चौराहे पर प्रदर्शन किया। उज्जैन में आम आदमी पार्टी की भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ टॉवर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इंदौर में मोदी सरकार के खिलाफ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कमिश्नर कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। बुरहानपुर में दिल्ली में पार्टी के धरने के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर आप के जिला संयोजक प्रेमचंद नागराज ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतंत्र की हत्या बंद करे। भिंड में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की अड़ंगा डालने की नीति के खिलाफ प्रदर्शन किया। बहोरीबंद में आप कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की केंद्र सरकार के खिलाफ रीठी में जोरदार प्रदर्शन किया। सीधी में कार्यकर्ताओं ने जंजीर पहनकर लोकतंत्र की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्वालियर में जिला संयोजक सोमिल शर्मा के नेतृत्व में फूलबाग चौराहे पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुंगावली में विधानसभा प्रभारी विकास कपूर और अन्य कार्यकर्ताओंने प्रदर्शन किया। बालाघाट-सिवनी लोकसभा के विभिन्न विधानसभा मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया गया। राजगढ़ में गोवर्धन सिंह तवर के नेतृत्व में देवली चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा भिंड, गंजबासौदा समेत विभिन्न जिला मुख्यालयों और विधानसभा स्तर पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन किया।

Leave a Reply