आप मध्यप्रदेश के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके भाषण पर लिया आड़े हाथ

भोपाल, 17 सितंबर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी के भोपाल भेल दशहरा मैदान में दिए गए भाषण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि किसान उनकी प्राथमिकता सूची में पहले स्थान पर हैं, फिर उन्हें 12 जनवरी 1998 में मुलताई में हुए गोलीकांड पर भी बोलना चाहिए, जिसमें किसानों पर गोली चलाई गई और उस 24 किसान मारे गए थे। उस वक्त मध्य प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार थी। उन्होंने कहा कि साथ ही उन्हें बताना चाहिए कि यूपीए सरकार के रहते हुए वे स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट क्यों नहीं लागू करवा सके।

उन्होंने कहा कि बहुत आश्चर्य की बात है कि भोपाल में राहुल गांधी ने बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई, भ्रष्टाचार के बारे में कोई ठोस घोषणा नहीं की। सिर्फ माल्या, नीरव मोदी, राफेल कहेंगे, तो लोग 2जी, कॉमनवेल्थ, कोलगेट घोटाले के बारे में पूछेंगे ही। राहुल बता न पाये कि क्यों कांग्रेस को वोट दिया जाये?

श्री अग्रवाल ने कहा कि राफेल पर मोदी सरकार से सवाल पूछने वाले राहुल गांधी टूजी और कॉमनवेल्थ जैसे घोटालों पर चुप्पी साध जाते हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की उन्होंने बात की है कि लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि यह बिल 1997 से अटका पड़ा है, इस बीच 10 साल तक कांग्रेस की सरकार रही, तब क्यों नहीं इस बिल को पास कराया गया।

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि अभी जो कांग्रेस में हैं, उन्हें ही विधानसभा का टिकट दिया जाएगा, उनके इस बयान पर नजर रखनी चाहिए और जब कांग्रेस की सूची जारी होगी, तब देखना दिलचस्प होगा कि कितनी असली कांग्रेसियों को विधानसभा चुनाव में उतारते हैं और कितनी पैराशूट लैंडिंग होती हैं। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के संबंध में कहा कि अब तक राहुल गांधी अपने मुख्यमंत्री और मंत्री पद के दावेदारों को ढूंढ ही रहे हैं।

इसके पहले श्री अग्रवाल ने ट्विटर पर कांग्रेस अध्यक्ष से 10 सवाल भी पूछे थे, जिनका राहुल गांधी कोई जवाब नहीं दे सके। उन्होंने पूछा था कि-

1. स्वामीनाथन समिति कांग्रेस ने बनाई और 2006 से 2014 तक कांग्रेस की सरकार थी तो यह रिपोर्ट क्यों नहीं लागू की गई?

2. आप मंदसौर में भाजपा सरकार द्वारा किसानों की हत्या के बारे में बात करते हैं तो 12 जनवरी 1998 को मुलताई में कांग्रेस सरकार द्वारा गोली से 24 किसानो की हत्या के बारे में आपका क्या कहना है?

3. 1993 से 2003 के बीच कांग्रेस सरकार द्वारा 6 बार किसान आदिवासियों पर गोली चलवाई इसके बारे में आपका क्या कहना है?

4. आपके प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की बड़ी बहन की कंपनी एम बी पावर से शिवराज जी ने गैर कानूनी समझौता किया जिससे प्रदेश की जनता का 585 करोड़ का नुकसान हुआ, इस पर क्या जवाब है?

5. आपके प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के क्षेत्र छिंदवाड़ा में अडानी को 750 एकड़ किसानों की जमीन दे दी गयी, जिस पर 8 साल में कुछ नहीं हुआ। कमलनाथ जी इस बारे में चुप क्यों हैं?

6. पिछले चुनाव में मोदीजी ने सभी लोकसभाओं में प्रचार किया पर केवल एक लोकसभा कमलनाथ जी की थी जिसमें प्रचार नहीं किया। क्या कमलनाथ और मोदीजी मिले हुए हैं?

7. अभी लोकसभा में मोदीजी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के दौरान आपके प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ मोदी जी के खिलाफ वोट डालने संसद क्यों नहीं गये?

8. मध्य प्रदेश में बिजली क्षेत्र में लाखों करोड़ के घोटाले के बारे में कांग्रेस क्यों नहीं बोलती क्योंकि इसमें कमलनाथ जी की बहन की कंपनी शामिल है।

9. आप माल्या, नीरव मोदी आदि की बात करते हैं तो आपका 2G घोटाले, कामनवेल्थ घोटाले, कोलगेट घोटाले के बारे में क्या कहना है?

10. आप यह क्यों नहीं बताते कि कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में कौन पार्टी का प्रदेश में नेतृत्व करेगा?

Leave a Reply