आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल की मौजूदगी में हुई घोषणा, कुल 119 सीटों पर घोषित हुए प्रत्याशी

छिंदवाड़ा, 11 सितंबर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सासंद संजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल की मौजूदगी में *बदलेंगे मध्य प्रदेश संकल्प सभा* के दौरान मंगलवार को पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की सातवीं सूची जारी की। इस सूची में 12 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए। इससे पहले छह सूचियों में पार्टी 107 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी थी। सातंवी सूची के 12 प्रत्याशियों के साथ घोषित प्रत्याशियों की संख्या 119 हो गई है। पार्टी जल्द ही अन्य सीटों पर भी अपने उम्मीदवार घोषित करेगी। आम आदमी पार्टी के विधानसभा उम्मीदवारों की आठवीं सूची 19 सितंबर को भोपाल में पार्टी के वरिष्ठ नेता दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री और प्रदेश प्रभारी गोपाल राय की मौजूदगी में घोषित की जाएगी। इससे पहले भोपाल में 26 जून को पहली सूची, ग्वालियर में 6 जुलाई को दूसरी, छतरपुर में 30 जुलाई को तीसरी, भोपाल में 11 अगस्त को चौथी, जबलपुर में 18 अगस्त को पांचवी सूची और उज्जैन में 2 सितंबर को छठवीं सूची के उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी।

प्रत्याशियों की घोषणा के अवसर पर पार्टी ने *रोड शो* का आयोजन किया। सुबह 12 बजे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता रैली की शक्ल में चंदनगांव से ईएलसी चौक, बरारीपुरा चौक, राजपाल चौक, कुम्हारी मोहल्ला, खिरकपुरा, वाल्मीक गुरुद्वारा, दुर्गा चौक, पवार हाउस, श्रीयांस टॉकीज होते हुए ओवर से गुजर कर सभा स्थल बस स्टैंड पर पहुंचे। इसके बाद *बदलेंगे मध्य प्रदेश संकल्प सभा* के बाद विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्न विधानसभाओं के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की गई।

आम आदमी जब अंगडाई लेता है, तो बड़ी से बड़ी सत्ता को उखाड़ देता है: संजय सिंह

इस मौके पर आम सभा को संबोधित करते हुए *राज्यसभा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह* आम आदमी पार्टी की स्थापना देश के भ्रष्टाचार से त्रस्त आम लोगों ने की थी। इससे पहले हुए आंदोलन में देश के तमाम आंदोलकारियों ने शिरकत की थी। उस आंदोलन में मूक-बघिर संस्था के हरियाणा के बच्चों ने भी देश को बचाने की अपील की थी। उस आंदोलन से निकली हुई पार्टी है। हमने लोकपाल कानून बनाने की बात की, तो कांग्रेस ने कहा कि कानून बनाना है तो विधानसभा और संसद में आओ। तब हमने राजनीतिक पार्टी बनाई। इसके बाद भी कांग्रेस-भाजपा ने कहा था कि पार्टी तो बना ली लेकिन एक-दो सीट जीत जाएं तो बहुत है। यही बात मध्य प्रदेश में भी कहते होंगे। दिल्ली के पहले चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 28 सीटें जीतकर हमने सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि अपनी ताकत को कभी कम मत समझना। देश का आम आदमी जब अंगडाई लेता है, तो बड़ी से बड़ी सत्ता को उखाड़कर फेंक देता है और शिवराज या कमलनाथ उसे रोक नहीं सकता। जब जब जनता को किसी दल पर भरोसा होता है तो वह यह नहीं देखती है कि सामने वाला कितना ताकतवर है। उन्होंने कहा कि आम जनता के पास असली ताकत है, उसके वोट से सरकारें बनती हैं और सरकार बनने के बाद शिवराज सिंह कहते हैं कि खजाने में पैसा नहीं है। 70 साल से टैक्स के जरिये हर कदम पर जनता नोट भी देती है, और वोट भी देती है, लेकिन राजनीति आम आदमी की खुशहाली को नहीं ला पाई है। इस राजनीति को बदलने के लिए आम आदमी पार्टी आई है। उन्होंने कहा कि यह आपकी पार्टी है, आपको इसके लिए चंदा भी देना है और इसे वोट भी देना है। आज तक दूसरों के लिए वोट दिया है, अब अपने लिए वोट करना है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री मिलकर लूट रहे प्रदेश की जनता को: आलोक अग्रवाल

आम सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष और आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार आलोक अग्रवाल ने कहा कि यह क्षेत्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का है, जो यह कहते हैं कि भाजपा की सरकार के रहते मध्य प्रदेश में काफी भ्रष्टाचार हुआ है। इसलिए भाजपा सरकार को हटाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसलिए यहां एक बात बताना जरूरी है कमलनाथ जी जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने, तो प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके कहा कि कमलनाथ तो हमारे मित्र है। और उसके अगले दिन हमने बताया कि कमलनाथ कैसे शिवराज सिंह के दोस्त हैं। यह ऐसे दोस्त है, जो अब तक परदे के पीछे से मिलकर मध्य प्रदेश को लूटते रहे हैं। इसलिए अगर कांग्रेस की सरकार आई तो फिर दोनों मिलकर प्रदेश को लूटते रहेंगे। उन्होंने कमलनाथ और शिवराज सिंह की मिलीभगत का खुलासा करते हुए कहा कि अनूपपुर में मोजर बियर कंपनी की एमवी पॉवर के साथ शिवराज सिंह सरकार ने बिजली का एक गैरकानूनी समझौता किया। यह एमवी पॉवर कंपनी कमलनाथ की बड़ी बहन नीता पुरी की है। दूसरी परियोजना पेंच की है। पेंच परियोजना को अडानी को दिया गया। 750 एकड़ जमीन किसानों की दी गई इस परियोजना के लिए, जिसे 40 महीने में बनकर तैयार होना था। इसे आठ साल हो गए लेकिन एक पत्थर भी नहीं मिला। कानून कहता है कि पांच साल में परियोजना शुरू न हो तो किसानों को जमीन वापस मिलनी चाहिए। इस मामले पर कमलनाथ जी ने सांसद रहते कभी बात नहीं की। तीसरी योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यही हाल 8000 एकड़ जमीन सेज के नाम पर छीनी गई, उसका है। उन्होंने कमलनाथ, शिवराज को बिजली माफिया करार देते हुए कहा कि मोदी जी ने पिछले लोकसभा चुनाव में सभी जगह प्रचार किया लेकिन छिंदवाडा में प्रचार नहीं किया। उन्होंने व्यंग्य के साथ कहा कि असल में जो मोदी जी मित्रों कहते हैं, उसमें कमलनाथ, अडानी, शिवराज की ही मित्रता है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। मध्य प्रदेश में बिजली सबसे महंगी है। 43 लाख घरों में बिजली नहीं है। 90 प्रतिशत स्कूलों में बिजली नहीं है। 40 लाख घरों की महिलाओं को एक किमी दूर से पानी लाना होता है। जरूरत के आधे ही अस्पताल हैं, और जो हैं उनमें 50 प्रतिशत में डॉक्टर नहीं हैं। रोज पांच किसान आत्महत्या कर रहे हैं और 92 बच्चे रोज कुपोषण के कारण मौत के मुंह में समा जाते हैं। मध्य प्रदेश में 50 प्रतिशत से कम रिजल्ट आता है, आठवीं क्लास का बच्चा 1-9 तक के अंक नहीं जानते। ऐसी सत्ता को बदलाना जरूरी ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है। आम आदमी पार्टी प्रदेश में इस लूट और भ्रष्टाचार के राज को खत्म करेगी और आम आदमी का राज लाएगी।

Leave a Reply