आप के मध्यप्रदेश अध्यक्ष  आलोक अग्रवाल ने बोला दोनों दलों पर बड़ा हमला, कहा- जनता को कर रहे है भ्रमित

भोपाल, 20 अक्टूबर।आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर जनता को मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कभी धर्म, तो कभी जाति के आधार पर लोगों को भ्रमित करने वाली दोनों ही पार्टियों के नेता महज अपने विकास के बारे में सोचते हैं। इन्हें जनता के दुखों, उसकी तकलीफों से कोई लेना देना नहीं है।

उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं निम्न स्तरीय टीका टिप्पणियों और अनर्गल वीडियो वार के बहाने भी जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता कभी कांग्रेस के बारे में बयान देते हैं, तो कभी कांग्रेस के नेता अपने ही नेताओं के खिलाफ बोलते हैं। इन दोनों दलों के नेताओं के लिए महज अपनी राजनीति को चमकाना और जैसे तैसे चुनाव जीतना ही इनके एजेंडे में शामिल है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता लूट और भ्रष्टाचार की राजनीति के कारण बुरे हालात में जीने के लिए विवश है। किसानों को फसलों का सही दाम नहीं मिल रहा है और वह कर्ज के दुष्चक्र में फंस गया है। नौजवानों के पास नौकरियां नहीं हैं। महिलाएं प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। बच्चों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। दूसरी ओर नेताओं के बैंक बैलेंस में लगातार इजाफा होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर व्यक्ति जानता है कि जनता की गाढ़ी कमाई की बंदरबांट लगातार जारी है और इसी के कारण प्रदेश का विकास रुका हुआ है। इन हालात को बदलने के लिए अब आम आदमी जाग गया है और भाजपा-कांग्रेस के झूठे वायदों के खिलाफ वोट करने का मन बना चुका है। जिसका नतीजा आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।

Leave a Reply