Saturday, July 27, 2024
Politicsप्रदेश

सतना के गुढ़ में आम आदमी पार्टी की बड़ी आम सभा में जुटे हजारों ग्रामीण

गुढ़ (सतना), 9 सितंबर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी आलोक अग्रवाल ने सतना के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में आम सभा को संबोधित करते हुए सरकार-सरकार में फर्क को बताया। उन्होंने भाजपा सरकार के झूठ, भ्रष्टाचार और लूट पर कटाक्ष किया। इससे पहले आम आदमी पार्टी की ओर से कोस्टा से रायपुर करचोलियान तक रोड शो निकाला गया। आम सभा से पहले भाजपा, कांग्रेस एवं बहुजन समाज पार्टी के कई नेताओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली। इनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विवेक शुक्ला जलदर, बसपा के वरिष्ठ नेता संपत्ति भारतीय शिवपुसना और कांग्रेस के बिंदे सिंह जरहा समेत कई अन्य नेता शामिल थे।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य आलोक अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गुढ़ के इतिहास में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है।

आज यहां से आम आदमी पार्टी यह घोषणा कर रही है कि गुढ़ में भाजपा और कांग्रेस का 70 साल से जो राज था, वह खत्म होने जा रहा है और आम आदमी पार्टी का राज आने वाला है। आम आदमी पार्टी भाजपा कांग्रेस या और दलों की तरह नहीं है। यह व्यवस्था परिवर्तन करने वाली पार्टी है। व्यवस्था बदलने का मतलब सिर्फ सरकार या सत्ता बदलना नहीं है। आम आदमी पार्टी चाहे तो बहुत आसानी से सत्ता बदल सकती है। अंबानी-अडानी जैसे किसी बड़े उद्योगपति को अपने साथ ले ले और उसके पैसे के जरिये भाजपा के खिलाफ जो रोष है, उसके तहत अपनी सरकार बना ले, लेकिन तब सिर्फ सत्ता बदलेगी, व्यवस्था नहीं। व्यवस्था परिवर्तन के लिए आजादी के शहीदों के सपनों को पूरा करना होगा। आजादी की लड़ाई में जिन लोगों ने सपना देखा था, वह सिर्फ अंग्रेजों को नहीं भगाना चाहते थे, बल्कि आम आदमी का राज लाना चाहते थे। वे चाहते थे कि देश के हर नागरिकों को रोटी, पानी, बिजली, सुरक्षा आदि मिले। लेकिन आज 70 साल बाद भ्रष्टाचार की व्यवस्था बन गई है। नीचे से ऊपर तक कोई काम बिना पैसे के नहीं होता। इस व्यवस्था को बदलना है। उन्होंने आंकड़ों के हवाले से मध्य प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली, रोजगार, किसान आदि की समस्याओं को सामने रखा।

धर्म, जाति, वर्ग के भेद को मिटाकर दें अपना वोट, तभी होगा असली बदलाव: अमानतउल्ला खान
दिल्ली के ओखला के विधायक अमानतउल्ला खान ने कहा कि गुढ़ विधानसभा के लोग खुशनसीब हैं कि उन्हें बालेंदु शुक्ला जैसे ईमानदार प्रत्याशी मिले हैं और आलोक अग्रवाल जैसा शिक्षित और ईमानदार व्यक्ति मुख्यमंत्री के प्रत्याशी के रूप में मिला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इतिहास बनाने वाली पार्टी है। हमने एक साल में दिल्ली में संघर्ष करके सत्ता हासिल की है। जनता जानती थी कि हम जो कह रहे हैं, वह करेंगे और वे यह भी जानते थे कि हम भ्रष्टाचारी नहीं हैं। हमने कहा था कि हम देश में सबसे सस्ती बिजली देंगे, और हमने दी। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य और शिक्षा पर किए जा रहे क्रांतिकारी कार्यों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आम आदमी पार्टी के हर विधायक का बच्चा सरकारी स्कूलों में पढ़ता है, क्योंकि वहां सुविधाएं भी बेहतर हैं और पढ़ाई भी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने हर क्षेत्र में काम करके दिखाया है और मध्य प्रदेश में सरकार बनती है, तो यहां भी शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में काम किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि चुनाव में जाति, धर्म, क्षेत्र के नाम के आधार पर भेद न करते हुए विकास के लिए ईमानदार सरकार को वोट दें।

हर चीज राजनीति तय करती है, इसलिए इसे बदलना है जरूरी: पंकज सिंह
आम आदमी पार्टी के *प्रदेश संगठन मंत्री पंकज सिंह* ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इस क्षेत्र में अब तक जो राजनीति होती रही है, उसके जैसी राजनीति करने नहीं आई है। इस पार्टी में न तो किसी बाहुबली या गुंडे बदमाश को टिकट दी जाती है, न खानदान के आधार पर टिकट दिया जाता है। आम आदमी पार्टी व्यक्ति के संघर्ष और व्यक्तित्व के आधार पर प्रत्याशी को चुनती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में मेरे जैसे कई लोग नौकरियां छोड़-छोड़कर शामिल हुए हैं। किसानों के परिवार से आने के कारण मैं रात को पानी देने और फिर मंडी में सही दाम न मिलने का दर्द जानता हूं। इसलिए इस राजनीति को बदलने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी शिक्षा, दवा, स्वास्थ्य, फसल के दाम से लेकर बच्चे के जन्म से लेकर मौत तक के मूल्य और अन्य कामों को राजनीति तय करती है। इसलिए इसे दूर से देखकर इसे नहीं बदला जा सकता है। इसे राजनीति में उतरकर ही बदला जाएगा और आम आदमी पार्टी यह काम करेगी।

इस मौके पर आप के रीवा लोकसभा प्रभारी गौरव वर्मा, सीधी लोकसभा के प्रभारी राम विशाल विश्वकर्मा, गुढ़ के प्रत्याशी बालेंद्रु शुक्ला, रीवा जोन के सचिव जितेंद्र चौरसिया, सेमरिया के प्रत्याशी प्रमोद शर्मा, सिरमौर से प्रमोद प्यासी, त्योंथर से चंद्र प्रताप सिंह, मंजूला सिंह, एडवोकेट राजीव सिंह, गुलाब भाई, मान बहादुर सिंह आदि के अलावा कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply